रुद्रपुर,03 मई (आरएनएस)। खेत की मेड़ काटने को लेकर दो परिवारों में जमकर मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दोनों परिवारों के सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम करघटिया निवासी मंजीत कौर ने तहरीर में बताया कि एक मई को वह अपने पति जसवीर सिंह और बेटे गुरदीप सिंह के साथ खेत में काम कर रही थीं। तभी गांव के जगीर सिंह, सुखदेव सिंह और गुरमीत कौर ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। वहीं, जगीर सिंह ने आरोप लगाया कि जसवीर सिंह ने जेसीबी से उसकी खेत की मेड़ काट दी। विरोध करने पर जसवीर सिंह, गुरदीप सिंह, मंजीत कौर और असमीत कौर ने लाठी-डंडों व फावड़े से हमला कर दिया, जिसमें वह और उसका परिवार घायल हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। कोतवाल सुंदरम शर्मा ने बताया कि पुलिस क्रास मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

