ऋषिकेश,03 मई (आरएनएस)। चारधाम यात्रा के बीच वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ में नगर क्षेत्र को जाम से राहत नहीं मिल पा रही है। मुख्य से लेकर बाइपास मार्ग पर वाहनों के दबाव में जगह-जगह कतारें लग रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा के कामों के लिए ऋषिकेश आने-जाने में मुसीबत झेलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। रविवार सुबह दस बजे पहले बारिश और हरिद्वार बाईपास मार्ग पर पेड़ गिरने की वजह से श्यामपुर में घंटेभर तक जाम का झाम रहा। इसके बाद कुछ देर के लिए मुख्य और बाईपास मार्ग पर ट्रैफिक सामान्य हुआ, लेकिन दोपहर में फिर से ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ गई। बाईपास पर गौरा देवी चौक और इंद्रमणि बडोनी चौक पर वाहन फंस गए। भारी भीड़ में शाम छह बजे वाहन रेंग-रेंगकर गुजरते हुए दिखे, जबकि मुख्य मार्ग पर जयराम चौक से लेकर चंद्रभागा पुल के तिराहे तक ट्रैफिक बेपटरी रहा। महज पांच मिनट का सफर यहां वाहन सवारों के लिए आधे से घंटे का हो गया। शाम सात बजे हालात यह बने कि घाट चौक, मुखर्जी मार्ग तिराहा और दून तिराहे पर लोगों को सड़क पर चलने के लिए भी ठीक से जगह नहीं मिली। ट्रैफिक की यह स्थिति रात आठ बजे तक बनी रही। यातायात निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार को प्लान-ए के तहत ट्रैफिक को ऋषिकेश में चलाया गया। इसमें हरिद्वार के ट्रैफिक को बाइपास मार्ग से ऋषिकेश की तरफ भेजा गया। बताया कि शहर की सड़कें संकरी हैं। क्षमता से अधिक वाहनों के आने से इस तरह की समस्या पैदा होती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

