कोटद्वार,03 मई (आरएनएस)। राजकीय बेस अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारा जा रहा है। अब तो स्तन कैंसर की जांच के लिए मैमोग्राफी लैब भी तैयार की जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की अस्पताल में तैनाती की जा रही है लेकिन जो सेवाएं पहले से संचालित हैं। अस्पताल प्रशासन उन्हें निर्बाध रूप से जारी नहीं रख पा रहा है। अस्पताल के बेसमेंट में संचालित एक्स-रे यूनिट 24 अप्रैल से ठप पड़ी है। चोट-मोच और फ्रेक्चर की समस्या लेकर अस्पताल आने वाले मरीजों के एक्स-रे नहीं हो पा रहे हैं। नजीबाबाद निवासी महिला रेनू ने बताया कि उनका भाई कोटद्वार में रहकर काम करता है। 29 अप्रैल को उसके भाई को स्कूटी चला रही एक लड़की ने तेज टक्कर मार दी थी। भाई के पांव में बड़ा फ्रेक्चर हुआ। परिजन घायल युवक को बेस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां एक्स-रे नहीं हुआ। उन्हें भाई का एक्स-रे कराने के लिए बहुत कष्ट झेलना पड़ा। अस्पताल की एक्स-रे यूनिट की मेंटेनेंस को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है। दरअसल मशीन का गारंटी समय खत्म हो चुका है। मशीन की मेंटेनेंस का अनुबंध भी नहीं है। कब अनुबंध होगा और कब मशीन ठीक होगी इसकी कोई सटीक जानकारी नहीं है। बहरहाल अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरम्मत के लिए कंपनी से अनुबंध का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

