कटनी 4 मई (आरएनएस)। मध्य प्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ ने सोमवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के दैनिक वेतन भोगी और स्थायीकर्मियों ने सीएम के नाम डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन दिया। संघ ने शासन से अल्प मानदेय पर काम कर रहे कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की है।
संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन और अनुसूचित जाति/जनजाति कार्य विभाग में कार्यरत स्थायी कर्मियों को नियमित किया जाए। साथ ही, उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग के आदेशानुसार सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाए। कर्मचारियों ने वर्षों से लंबित इन मांगों पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया है।
अनुसूचित जाति/जनजाति कार्य विभाग में पदस्थ अंशकालीन कर्मचारियों के लिए संघ ने श्रम विभाग की निर्धारित दरों पर पारिश्रमिक देने की मांग उठाई है। इसके अतिरिक्त, जिले के सभी विभागों में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को जल्द से जल्द स्थायी कर्मी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने की अपील की गई है।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने ई-अटेंडेंस प्रणाली को लेकर भी अपनी नाराजगी जताई है। स्थायी कर्मियों का तर्क है कि इस प्रणाली के उपयोग में उन्हें कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए उन्हें इससे मुक्त रखा जाए। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे भविष्य में आंदोलन को और उग्र करेंगे।

