सागर।(आरएनएस)। कैंट थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले चार फरार आरोपियों को पुलिस ने रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड पर सभी आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
पुरानी रंजिश में दिया था वारदात को अंजाम पुलिस के अनुसार, गुरु गोविंद सिंह वार्ड निवासी 25 वर्षीय अभिषेक (पिता रोहित जाटव) ने 1 मई को मामले की शिकायत की थी। उसने बताया कि रात करीब 1.30 बजे वह अपने दोस्त सोनू जाटव और विकास वाल्मीकि के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहा था।
रास्ते में जब वह रुककर एक परिचित से बात कर रहा था, तभी राजा अहिरवार, अमित, अज्जू और अर्जुन ठाकुर वहां आ गए। आरोपियों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
गाली देने से रोका तो 5 जगह मारा चाकू अभिषेक ने जब उन्हें गालियां देने से रोका तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। विवाद के दौरान हुए इस हमले में अभिषेक के कंधे, पीठ, गर्दन, कमर और पैर पर घाव लगे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। अभिषेक की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
साइबर सेल की मदद से ट्रेस हुई लोकेशन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगाई गई थी। मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई।
लोकेशन मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर रविवार शाम चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने चाकूबाजी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है।

