अशोकनगर 4 मई (आरएनएस)। देहात थाना पुलिस ने 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया था, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पीडि़ता को सकुशल बरामद कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, 2 मई को फरियादी ने अपनी बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की और विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने उसी दिन बालिका को बरामद कर लिया। पीडि़ता के बयान के आधार पर मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस ने 3 मई को आरोपी सूरज उर्फ सूर्या (19) निवासी ग्राम सेसई, थाना रन्नौद, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

