इंदौर 4 मई (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक नतीजों के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत के दौरान भावुक नजर आए। विजयवर्गीय की आंखें उस वक्त नम हो गईं, जब उन्होंने अपने संघर्ष और कार्यकर्ताओं के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ सीटों का आंकड़ा नहीं, बल्कि दमनकारी शासन के अंत की शुरुआत है।
मीडिया से चर्चा में उन्होंने अपनी व्यक्तिगत पीड़ा साझा करते हुए कहा, “आप मेरी खुशी और इन आंसुओं की वजह को समझ नहीं सकते। राजनीतिक मतभेद अलग बात है, लेकिन बंगाल में जिस तरह मुझे निशाना बनाया गया, वह असहनीय था। मुझ पर बलात्कार जैसे गंभीर और झूठे आरोप लगाए गए, ताकि मेरा मनोबल तोड़ा जा सके। पिछले छह वर्षों में मैंने जो मानसिक पीड़ा झेली है, वह मैं ही जानता हूं। ये आंसू कमजोरी के नहीं, बल्कि अन्याय पर मिली जीत की खुशी के हैं।”
विजयवर्गीय ने बंगाल की स्थिति पर बोलते हुए कहा कि वहां भाजपा के लिए काम करना बेहद जोखिम भरा था। “मेरे सामने 300 से अधिक कार्यकर्ताओं की निर्मम हत्या कर दी गई। कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त था। हमारे कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त किया गया, उनके घर जलाए गए, लेकिन हमने हार नहीं मानी। आज की जीत उन शहीद कार्यकर्ताओं को समर्पित है।”
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की बड़ी जीत है। “पिछले करीब 30 वर्षों से बंगाल में मतदाता भय के माहौल में था। इस बार पहली बार लोगों ने बिना डर के मतदान किया। पहले जहां पोलिंग बूथ पर बैठने के लिए कार्यकर्ता नहीं मिलते थे, वहीं अब जनता ने भाजपा को समर्थन दिया है। यही वजह है कि पार्टी 100 से अधिक सीटों की ओर बढ़ रही है।”
कैलाश विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में जो व्यापक विकास हुआ है, उसका असर अब पश्चिम बंगाल तक भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो विकास की गति को दर्शाती है।
उन्होंने भारत की वैश्विक स्थिति पर भी जोर देते हुए कहा कि आज भारतीय सेना दुनिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली सेनाओं में शामिल है। उनके अनुसार, पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत भारत को महाशक्ति बनाने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमला बोलते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई और महिलाओं का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि अब ऐसे कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोग खुद ही प्रदेश छोडऩे को मजबूर होंगे।
अपनी राजनीतिक यात्रा का श्रेय उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और रणनीति के कारण ही वे कठिन परिस्थितियों में भी डटे रहे। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल भ्रष्टाचार मुक्त होकर “सोनार बांग्ला” के रूप में विकसित होगा।

