विकासनगर,04 मई (आरएनएस)। शहर की पॉश कॉलोनी में दिनकर विहार में रविवार को पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से लोगों को सोमवार सुबह पेयजल किल्लत झेलनी पड़ रही है। इससे करीब एक हजार की आबादी को दिक्कत उठानी पड़ रही है। सीवर लाइन बिछाने के लिए खुदाई के कारण जमीन के अंदर पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पानी सड़क पर बहने लगा। लोगों के घरों में नल सूखे रहे, जबकि कुछ लोगों ने प्लास्टिक के पाइप जोड़कर अपने घरों तक पानी पहुंचाया। इन दिनों क्षेत्र में बिछाई जा रही सीवर लाइन लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। रविवार को दिनकर विहार में संतोषी माता गली से आगे पेयजल आपूर्ति करने वाली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। पेयजल सप्लाई ठप होने से एक हजार की आबादी परेशान रही है। खासकर आवासीय भवनों के ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले वालों को अधिक किल्लत झेलनी पड़ी। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के कारण पानी का प्रेशर भी कम हो गया है, जिससे ऊपरी मंजिलों पर एक बूंद पानी भी नहीं पहुंच रहा है। स्थानीय निवाीस सुरेश कुमार, भूपेश पुरोहित, रतन ठाकुर, बलवीर सिंह थापा, संतराम मधु सती ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के कारण कई बार पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। रविवार को लाइन क्षतिग्रस्त हुई, जिसकी अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई,पेयजल आपूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ा। उधर, जल संस्थान के अवर अभियंता आलेंद्र कुमाईं ने बताया कि पेयजल लाइन की मरम्मत की जा रही है, देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

