विकासनगर,04 मई (आरएनएस)। पछुवादून में दो दिन लगातार हुई बारिश से अभी तक जनजीवन सामान्य नहीं हो पाया है। बारिश के साथ चली आंधी-तूफान से एक मोबाइल टावर गिर गया, जिससे पास में ही एक आवासीय मकान को आंशिक क्षति पहुंची है। गनीमत रही कि टावर मकान के ऊपर नहीं गिरा, जिससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई। इसके साथ ही बारिश से एनएच समेत अंदरूनी मार्गों पर जल भराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। बारिश के साथ ही तेज आंधी भी चलती रही। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बारिश और तेज आंधी के कारण बाड़वाला में आम के बाग में लगा मोबाइल टावर उखड़ कर गिर गया। टावर गिरने से ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य नीटू पनियारी के घर को आंशिक क्षति पहुंची है। वार्ड सदस्य ने बताया कि जिस समय टावर गिरा पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। टावर गिरने से मकान की एक दीवार में हल्की दरारें आई हैं, जबकि शौचायल जमीन समेत धंस गया है। बताया कि मकान से एक फीट दूर टावर गिरने से हुई आवाज के कारण पूरा परिवार दहशत में आ गया। टावर आम के पेड़ों पर गिरा जिससे चार फलदार पेड़ भी टूट गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

