विकासनगर,04 मई (आरएनएस)। बिजली लाइनों की मरम्मत के चलते सोमवार को परियोजना क्षेत्र डाकपत्थर समेत आसपास के कई गांवों में सात घंटे बिजली गुल रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न आने पर घरों में पानी भी नहीं आया। शाम पांच बजे आपूर्ति सुचारु होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। ऊर्जा निगम वर्तमान में फीडरों में मरम्मत का काम कर रहा है। जिसके कारण एक सप्ताह तक अलग अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती शुरू कर दी गई है। इससे पहले नगर पालिका फीडर, टाउन फीडर, बरोटीवाला, भीमावाला फीडर में मरम्मत कार्य किया गया। मरम्मत कार्य के कारण सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। डाकपत्थर, रसूलपुर, लाइन जीवनगढ़, मेहूवाला, तेलपुर, डांडा जीवनगढ़, में आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने से कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। डाकपत्थर मुख्य बाजार में शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में छह बजे बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई। पूरे दिन बिजली नहीं रहने के कारण ओवर हैड टैंकों में पानी नहीं चढ़ पाया। स्थानीय निवासी मो. इस्लाम, आलिम, नसीम, आसिफ, सुबोध, करम चंद, विनोद कुमार, सुनील पुरोहित, प्रीति चौहान, सविता नेगी ने बताया कि ऊर्जा निगम को गर्मी शुरू होने से पहले ही फीडरों की मरम्मत कर देनी चाहिए, जिससे कि गर्मी के मौसम में बिजली की निर्बाध आपूर्ति हो सके। उधर, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने कहा कि बिजली कटौती की सूचना उपभोक्ताओं को पहले ही दे दी गई थी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

