देहरादून,04 मई (आरएनएस)। देहरादून में उत्तराखंड आयुष प्राइवेट अनएडेड कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में नवनियुक्त कुलसचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल से मुलाकात की। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अश्वनी कांबोज की अगुवाई में पहुंचे पदाधिकारियों ने कुलसचिव का स्वागत किया और आयुष शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रकम सिंह और सचिव बालकृष्ण चमोली ने कहा कि निजी कॉलेज छात्रों के हित में पूरा सहयोग दे रहे हैं, लेकिन संस्थानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। उन्होंने परीक्षाओं का समय पर आयोजन, परिणामों की शीघ्र घोषणा और तकनीकी त्रुटियों को दूर करने की मांग उठाई। एसोसिएशन ने विवि में पूर्व में हुई कमियों को सुधारने पर जोर दिया। कुलसचिव डॉ. बरनवाल ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि छात्रों का हित सर्वोपरि रहेगा और कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा। इस दौरान उपाध्यक्ष डॉ. सतेंद्र गोयल, कोषाध्यक्ष डॉ. विजय सैनी, सुमित कंबोज, नीरज नेगी, डॉ. राघवेंद्र कौशिक और डॉ. प्रदीप गुप्ता भी मौजूद रहे। यह बैठक न केवल स्वागत समारोह थी बल्कि आयुष शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्रों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संवाद भी साबित हुई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

