सीहोर 5 मई (आरएनएस)।सीहोर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए कीमत के चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। गिरोह कोतवाली, मंडी, इछावर, पार्वती, शुजालपुर, अकोदिया और कालापीपल थाना क्षेत्रों में सक्रिय था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब भोपाल नाका निवासी देव राय ने 29 अप्रैल को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मुरली नाका रोड स्थित रेत के पीठे से उनका सोनालिका ट्रैक्टर ट्रॉली सहित चोरी हो गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र की मदद से एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की जानकारी के आधार पर चोरी हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली भोपाल के भौंरी बंगला क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर, दो ट्रॉली के अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में पवन चोडिय़ा उर्फ लल्ला (22), कृष्ण उर्फ कृष्ण गोस्वामी (19) और रोहित वर्मा (25) शामिल हैं। तीनों अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं और गिरोह बनाकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

