रतलाम 5 मई (आरएनएस)। तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रॉले में जा घुसी। इसके बाद कार में आग लग गई। इसमें ड्राइवर जिंदा जल गया जबकि कार सवार पिता-बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बावड़ी गांव के पास मंगलवार दोपहर हुआ। कार सवार झाबुआ से रतलाम आ रहे थे।
मृतक की पहचान रोहित मुनिया पिता जानिया (28) निवासी मेघनगर के रूप में हुई है। कार वही चला रहा था। किराना कारोबारी नरेंद्र पिता शांतिलाल (48) झुलस गए जबकि उनकी बेटी तिशा (22) चोट लगने से घायल हुई है।
पुलिस के मुताबिक, तिशा का आज रतलाम में सीए का एग्जाम था। वह पिता और ड्राइवर के साथ कार से परीक्षा देने के लिए रतलाम आ रही थी। इसी दौरान एक्सीडेंट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
शिवगढ़ थाना प्रभारी आरके मकवाना ने कहा ट्रॉला जब्त कर थाने में रखवाया गया है। मामले की जांच कर रहे हैं।

