डिंडौरी 5 मई (आरएनएस)। मंगलवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों के साथ बजाग जनपद के वन ग्राम चाडा में जनसुनवाई की। इस दौराम कलेक्टर ग्रामीणों के साथ तप्ती धूप में फर्श पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनी।
उन्होंने बताया कि यह गांव छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा से सटा हुआ है। सरकार की मंशा है कि आर्थिक अभाव और समय की कमी के कारण जो ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर जनपद या जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते, उन तक अधिकारी स्वयं पहुंचें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। इसलिए मैं यहां आई हूं।
इस दौरान तातर और सिल पिंडी सहित आसपास के गांवों से आए लगभग 35 ग्रामीणों ने बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। कुछ समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया गया, जबकि कलेक्टर ने शेष समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई में एसडीएम भारती मरावी, जनपद सीईओ सचिन अग्रवाल, एनआरएलएम की परियोजना अधिकारी अर्पणा पांडेय सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

