कटनी 5 मई (आरएनएस)। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम चाका में एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके घर में फंदे पर लटका मिला। युवक ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम चाका निवासी रंजीत चौधरी (25 वर्ष), पिता हरिप्रसाद चौधरी, रात में परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए थे।
सुबह जब काफी देर तक रंजीत के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। भीतर जाकर देखने पर रंजीत का शव छत के पंखे से लगे फंदे पर लटका मिला।
मृतक के पिता हरिप्रसाद चौधरी ने बताया कि रंजीत की पत्नी कुछ दिनों से अपने मायके गई हुई थी। घटना के समय रंजीत कमरे में अकेला था।
घटना की सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्यवाही पूरी की।
थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं और पारिवारिक परिस्थितियों की बारीकी से जांच की जा रही है।

