चेन्नई,05 मई (आरएनएस)। तमिलनाडु में अभिनेता थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कडग़म (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीती हैं। हालांकि, पार्टी सरकार बनाने के लिए जरूरी आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी है, इसके बाद गठबंधन और नए समीकरणों पर चर्चाएं तेज हैं। विजय ने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर को पत्र लिखकर शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करने का आग्रह किया है। आइए जानते हैं सरकार गठन को लेकर क्या चल रहा है।
कांग्रेस, वीसीके, सीपीआई और सीपीआई(एम) के पास कुल 11 विधायक हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, विजय को आईयूएमएल, डीएमडीके और पीएमके का भी समर्थन मिल सकता है। रिपोर्ट में इन पार्टियों के शीर्ष सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि गठबंधन को लेकर अनौपचारिक बातचीत चल रही है। वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि जनता भी गठबंधन वाली सरकार के पक्ष में दिख रही है। उन्होंने संकेत दिया कि उनकी पार्टी धर्मनिरपेक्ष मोर्चे के तहत काम करती रहेगी।
सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस को 2 मंत्रालय मिल सकते हैं, जबकि अन्य सहयोगी पार्टियों को एक-एक मंत्रालय दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि विजय अपनी सहयोगी पार्टियों को 4 से 6 मंत्री पद दे सकते हैं। माना जा रहा है कि ऐसा कर वे बहुमत के लिए जरूरी संख्या जुटा लेंगे और शासन-प्रशासन के मामले में अपने अनुभव की कमी की भरपाई भी कर लेंगे, चूंकि टीवीके के ज्यादातर उम्मीदवार पहली बार विधायक बने हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, विजय पूर्व आईएएस अधिकारी यू सगायम को उपचुनाव के जरिए सरकार में लाने की योजना बना रहे हैं। सगायम को अपने भ्रष्टाचार-विरोधी रुख के लिए जाना जाता है। विजय उन्हें विधायी भूमिका देने पर विचार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि सगायम को तिरुचिरापल्ली पूर्व से उपचुनाव लड़ाया जा सकता है, जहां से विजय ने जीत दर्ज की है। विजय इस सीट को छोड़कर पेरांबुर से विधायक बने रहेंगे।
भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदराराजन ने कहा कि विजय को समर्थन मिलेगा और चुनाव परिणाम न केवल विजय लहर को दर्शाते हैं बल्कि एमके स्टालिन के खिलाफ लहर को भी दर्शाते हैं। इससे टीवीके-एआईएडीएमके गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों को और बल मिला है। न्यूज18 ने सूत्रों के हवाले से कहा कि एआईएडीएमके टीवीके को समर्थन देने पर विचार कर रही है। हालांकि, पार्टी प्रमुख के पलानीस्वामी ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष के सेल्वापेरुंथगई ने कहा, विजय के साथ गठबंधन का फैसला आलाकमान करेगा। उन्होंने 108 सीटें जीती हैं और बहुमत नहीं है। मुझे नहीं पता कि वे इसे कैसे संभालेंगे। डीएमके की सहयोगी पार्टी देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कडग़म (डीएमडीके) ने बताया कि उसे विजय की पार्टी से अभी तक गठबंधन के लिए कोई निमंत्रण नहीं मिला है। डीएमडीके प्रमुख प्रेमलता विजयकांत ने कहा कि उनकी पार्टी डीएमके के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन में बनी रहेगी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

