आरंग/रायपुर, 06 मई (आरएनएस)। आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम तोता के पास बुधवार सुबह नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे नहर में शव तैरता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं नहर में अज्ञात शव मिलने की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

