नई दिल्ली 06 may, (Rns) । असम विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की भारी जीत के बाद कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। असम कांग्रेस प्रमुख और सांसद गौरव गोगोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और सटीकता को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने ईवीएम प्रक्रिया और चुनाव प्रबंधन से जुड़ी शिकायतों का जिक्र किया।
गोगोई ने भाजपा नेतृत्व को बधाई देते हुए जनादेश स्वीकार किया। भाजपा गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 82 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। गोगोई खुद जोरहाट सीट से चुनाव हार गए। उन्होंने कहा, ‘सीटों के मामले में हमें झटका लगा है, लेकिन हम विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह राजनीतिक और लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेंगे। हम नई सरकार की कार्यप्रणाली पर नजर रखेंगे और पूरे असम में जन मुद्दों को उठाते रहेंगे।’

