0 कलेक्टर ने खुद कराई बीपी और शुगर की जांच
सुकमा, 06 मई (आरएनएस)। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान एवं सुशासन तिहार के अंतर्गत एक प्रभावशाली और जनहितकारी पहल की गई है। इस पहल के तहत सरकारी कार्यालयों में ही विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर अधिकारीयों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब कर्मचारियों को स्वास्थ्य जांच या आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए कार्यालय से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय की बचत के साथ कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
यह अभियान दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। 05 एवं 06 मई को कलेक्टर कार्यालय सुकमा में शिविर आयोजित किया गया है, जबकि 07 एवं 08 मई को जिला पंचायत कार्यालय एवं सीएमएचओ कार्यालय में शिविर के माध्यम से सेवाएं दी जाएंगी। इस पहल को और अधिक प्रेरणादायक बनाते हुए मंगलवार को कलेक्टर अमित कुमार स्वयं शिविर स्थल पर पहुंचे और बीपी व शुगर की जांच कराकर कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया। उनके इस कदम से यह संदेश गया कि स्वास्थ्य और सुशासन दोनों प्रशासन की प्राथमिकता हैं।
शिविर में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाओं का वितरण, लंबित आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा जन्म-मृत्यु-विवाह प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित यह अभियान प्रशासन की सक्रियता, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर सामने आया है। इस पहल से न केवल कर्मचारियों को त्वरित लाभ मिल रहा है, बल्कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी तेजी से पात्र लोगों तक पहुंचने की दिशा में मजबूत कदम साबित हो रहा है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

