मुंबई,06 मई (आरएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (सीएसएमआईए) गुरुवार, 7 मई को पूरी तरह से बंद रहेगा। इस दौरान न कोई विमान उड़ान भरेगा और न ही कोई विमान उतरेगा। यह बंद 7 मई को सुबह 11 बजे से शुरू होगा और शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। इस बीच, हवाई अड्डे में किसी भी यात्री की आवाजाही की मनाही रहेगी। हवाई अड्डा 6 घंटा बंद रहने से यात्रियों को कई दिक्कतें हो सकती हैं।
मुंबई हवाई अड्डे में मानसून शुरू होने से पहले वार्षिक रखरखाव का काम किया जाना है। इसके तहत प्राथमिक रनवे 09/27 और द्वितीयक रनवे 14/32 पर काम चलेगा। बता दें कि मुंबई में हर साल मानसून अपना कहर बरपाती है, जिसमें जलभराव आम बात होती है। ऐसे में हवाई अड्डे के 1,033 एकड़ के विशाल क्षेत्र को बेहतरीन स्थिति में रखने के लिए रखरखाव किया जा रहा है। इसके लिए एक विशेष टीम रनवे की टूट-फूट की जांच करती है।
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने रखरखाव की तैयारी 6 महीने पहले शुरू कर दी थी। उसने इस संबंध में एयरलाइंस और विमानन अधिकारियों के साथ योजना बनाई थी। इसलिए अधिकांश एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल में फेरबदल कर लिया है। कुछ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर सैकड़ों यात्रियों को रद्द होने, देरी और मार्ग परिवर्तन के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बता दें, पश्चिम एशिया तनाव के कारण पहले ही 170 से अधिक उड़ानें रद्द है।
अगर यात्री की उड़ान सुबह 11 से शाम 5 बजे के बीच है, तो रद्द होने की पूरी संभावना है। ऐसे में यात्री रीफंड या दोबारा बुकिंग के लिए पूछ सकते हैं। यात्री एयरलाइंस ऐप या सीएसएमआईए वेबसाइट देखते रहें। कुछ एयरलाइंस पुणे-अहमदाबाद-गोवा जैसे आसपास के हवाई अड्डों से मार्ग बदल सकती हैं। नवी मुंबई हवाई अड्डा विकल्प बन सकता है। मुंबई से प्रतिदिन 1,000 से अधिक उड़ान संचालित होती है, ऐसे में 6 घंटे की बंदी काफी असर डालेगी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

