फतेहपुर। बहुआ विकास खण्ड स्थित ग्राम खटौली के ग्रामीणों को जल्द ही बिजली की किल्लत से राहत मिल सकती है। गांव में व्याप्त लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर क्षेत्रीय विधायक विकास गुप्ता से मुलाकात की। ग्रामीणों ने गांव में वर्तमान में लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 65 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने विधायक को सौंपे गए मांग पत्र में स्पष्ट किया कि वर्तमान ट्रांसफार्मर कम क्षमता का होने के कारण आए दिन फुंक जाता है, जिससे पूरी बस्ती अंधेरे में डूब जाती है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों को इस बाबत तत्काल निर्देशित किया जाए, ताकि विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही अमल में लाई जा सके और ग्रामीणों को सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राजा सिंह कछवाह के नेतृत्व में ग्रामीणों का बड़ा प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा। मुलाकात के दौरान पूर्व प्रधानाचार्य लाखन सिंह, भाजपा बूथ अध्यक्ष रोहित सिंह, इंद्रजीत यादव, अनिल कुमार, राधेश्याम, सोनू सिंह, रामदास, सरला देवी, वृजेन्द्र सिंह, नरेन्द्र सिंह, महादेव सिंह, उर्मिला देवी, ज्ञानवती, अनारकली और सुनीता देवी समेत भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विधायक विकास गुप्ता ने उन्हें सकारात्मक आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और वे इस संबंध में जल्द ही बिजली विभाग के आला अधिकारियों से बात करेंगे ताकि गांव की विद्युत क्षमता में वृद्धि कराई जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

