सिलीगुड़ी 07 May, (rns) । भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में सिलीगुड़ी कनेक्शन सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान चंद्रनाथ रथ की कार को रोकने के लिए एक सफेद रंग की कार ने ओवरटेक कर रास्ता रोका था। जांच में उस कार पर लगा नंबर सिलीगुड़ी के शिवमंदिर निवासी जेम्स विलियम्स के नाम पर दर्ज पाया गया।
इसके बाद पुलिस जेम्स विलियम्स के घर पहुंची और पूछताछ के लिए उन्हें माटीगाड़ा थाना ले जाया गया। इस दौरान उनकी कार को भी जब्त कर लिया गया और जांच की जा रही है। वहीं, जांच में सामने आया कि हत्याकांड में इस्तेमाल की गई गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि पुलिस को भ्रमित किया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि कुछ महीने पहले जेम्स विलियम्स ने अपनी कार बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन दिया था। आशंका जताई जा रही है कि, वहीं से वाहन का नंबर लेकर अपराधियों ने उसका इस्तेमाल किया। पुलिस का मानना है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है। हालांकि, मामले की जांच जारी है।

