तमिलनाडु 07 May, (Rns) /- नई सरकार का गठन होना है, लेकिन 108 सीटें जीतने वाले विजय के सामने बहुमत साबित करने का संकट खड़ा हो गया है. बहुमत साबित करने के बाद ही वह सीएम पद की शपथ ले सकेंगे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्यपाल अर्लेकर ने मौजूदा परिस्थितियों में टीवीके नेता विजय को पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में टीवीके के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत नहीं है. बहुमत साबित किए बिना विजय को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जा सकता.
सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल अर्लेकर ने फैसला किया है कि विजय को मुख्यमंत्री के रूप में तभी शपथ दिलाई जाएगी जब वे आवश्यक बहुमत साबित कर देंगे. लोक भवन के सूत्रों ने बताया कि अगर विजय बहुमत साबित कर देते हैं, तो राज्यपाल उन्हें तुरंत सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे. राज्यपाल तमिलनाडु में एक स्थिर सरकार के गठन को सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ हैं.
बता दें कि विजय की टीवीके तमिलनाडु चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. लेकिन उनको 10 और सीटों की जरूरत है. क्यों कि बहुमत का आंकड़ा 118 है. कांग्रेस ने उनको समर्थन देने का ऐलान किया है. लेकिन अब भी उनके पास 113 सीटें ही हो रही हैं, यानी कि 5 सीटों की अब भी कमी है. ऐसे में राज्यपाल ने विजय को राजभवन बुलाकर पूछा कि 113 विधायकों के साथ वे सरकार कैसे बनाएंगे और क्या उनके पास बहुमत जुटाने की ठोस योजना है.

