0 हत्या के प्रयास के आरोपी से गले मिलने वाले कॉन्स्टेबल पर भी होगी कार्यवाही
दुर्ग,07 मई (आरएनएस)। जिले में पुलिस विभाग से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। एक वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर चालान के बदले युवक से 200 रुपए लेते दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में वर्दीधारी कॉन्स्टेबल हत्या के प्रयास के आरोपी बताए जा रहे युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आ रहा है। दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में जांच शुरू कर दी गई है।पहला मामला दुर्ग ट्रैफिक विभाग से जुड़ा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर महेश्वर देवांगन एक युवक से चालान के एवज में रुपए लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एसआई युवक को पैसे गिनने के लिए कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एसआई महेश्वर देवांगन को लाइन अटैच कर दिया है।ट्रैफिक टीआई टीडी चंद्रा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय कदम उठाया गया है और मामले की जांच जारी है।वहीं दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कॉन्स्टेबल वर्दी में एक युवक से हाथ मिलाते और गले मिलते दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि संबंधित युवक हत्या के प्रयास के मामले का आरोपी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।दोनों वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

