महासमुंद,07 (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक पीकअप वाहन से 1 करोड़ 14 लाख रुपए से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। गांजा को खाली कैरेट के पीछे छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक पीकअप वाहन क्रमांक एमएच16 सीडी 8741 में ओडिशा की ओर से गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के गनियारीपाली गांव स्थित एनएच-53 पर सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की गई।जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पीकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन के डाले में खाली कैरेट के बीच छिपाकर रखी गई बोरियों से 226.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने अपनी पहचान अजिनाथ आश्रु जाधव (28) और अक्षय बारुक (32) निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में बताई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे गांजा को ओडिशा के बालिगुड़ा से महाराष्ट्र के अहमदनगर ले जा रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, पीकअप वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

