रांची 7 मई (आरएनएस)। झारखंड में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम केंद्र रांची के अनुसार राज्य में 13 मई तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 7 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर बाकी जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं 8 से 13 मई तक राज्य के विभिन्न भागों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
कई जिलों में तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।8 मई को रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी और गुमला समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की संभावना है। वहीं 9 और 11 मई को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
10 मई को दक्षिणी और मध्य झारखंड के जिलों में फिर से तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।
रांची में अगले पांच दिन बारिश के आसार
रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम सुहाना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 7 से 13 मई तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
7 मई को रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 10 मई तक अधिकतम तापमान घटकर 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

