राजनांदगांव, 08 मई (आरएनएस)। देशी शराब दुकान के बाहर खुलेआम सज रही शराबियों की महफिल पर आखिरकार घुमका पुलिस का डंडा चल गया और शराब पीने की सुविधा देकर कानून को चुनौती देने वाले दो चखना दुकान संचालकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घुमका थाना पुलिस ने नशा उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेवा रोड चौक स्थित देशी शराब दुकान के पास रेड मारकर उन लोगों को पकड़ा जो शराबियों के लिए खुलेआम बैठने, खाने और पीने की व्यवस्था कर रहे थे। मामला 7 मई 2026 का है जब राजनांदगांव पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि घुमका क्षेत्र में शराब दुकान के आसपास अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा दी जा रही है और देर रात तक वहां शराबियों की भीड़ जुट रही है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना घुमका पुलिस ने मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान चखना दुकान संचालक रोहित वर्मा पिता स्वर्गीय शुकालू उम्र 37 वर्ष निवासी घुमका और शिव वर्मा पिता स्वर्गीय छबि उम्र 55 वर्ष निवासी घुमका शराबियों को बैठाकर शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराते पाए गए। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 56/2026 और 57/2026 के तहत धारा 36(सी) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, नशाखोरी और शराब से जुड़ी अवैध व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि शराब दुकानों के आसपास इस तरह की अवैध चखना व्यवस्था कई बार अपराध और विवाद की वजह बनती रही है, लेकिन अब घुमका पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि कानून तोड़कर शराबियों की महफिल सजाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

