रामानुजगंज, 08 मई (आरएनएस)। पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा रामानुजगंज द्वारा नियमित रूप से संचालित नि:शुल्क योग कक्षा में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने सहभागिता करते हुए योगी भाई-बहनों एवं बच्चों के साथ योग और प्राणायाम किया। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में योग प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की आवश्यकता ही नहीं, बल्कि अनिवार्यता बन चुका है।
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि योग से व्यक्ति के दैनिक कार्यों में कुशलता आती है तथा वह अपने कार्यों को अधिक क्षमता और बेहतर दक्षता के साथ संपन्न कर सकता है। उन्होंने पतंजलि कायाकल्प योग कक्षा द्वारा नियमित रूप से नि:शुल्क संचालित योग कक्षा की सराहना करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
योग कक्षा संचालिका आरती ज्ञानेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि वर्तमान में संचालित योग कक्षा की स्थापना स्वर्गीय डॉ. पवन सिंघल द्वारा 9 मार्च 2019 को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले में की गई थी, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि समिति योग के साथ-साथ हवन, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, गौ सेवा एवं स्वच्छता अभियान जैसे सामाजिक कार्य भी समय-समय पर संचालित करती है। प्रत्येक पूर्णिमा एवं विशेष धार्मिक अवसरों पर सामूहिक हवन का आयोजन भी किया जाता है।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय डॉ. पवन सिंघल का विशेष जोर महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर था। उनका मानना था कि महिलाओं को घर की चौखट से बाहर निकलकर अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होना चाहिए। इसी उद्देश्य से योग कक्षाओं के संचालन में महिला शक्ति को प्रमुख भूमिका दी गई है। वर्तमान में समिति की विभिन्न योग कक्षाओं का संचालन महिलाओं द्वारा ही किया जा रहा है।
समिति की अध्यक्ष करुणा गुप्ता के निर्देशन में ग्वालियर (मध्यप्रदेश) से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से योग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश के अशोकनगर, ग्वालियर एवं भोपाल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में भी नियमित योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं। अशोकनगर में योग कक्षा का संचालन श्वेता सलूजा तथा भोपाल में डॉ. शालिनी द्वारा किया जा रहा है।
रामानुजगंज में प्रतिदिन प्रात: 5 बजे से 7:15 बजे तक योगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, आसन एवं प्राणायाम के साथ योग कक्षा संचालित होती है। रविवारीय विशेष कक्षाओं में योग के साथ दौड़, भार मापन एवं अल्पाहार की व्यवस्था भी की जाती है।
आरती ज्ञानेंद्र कुमार बाजपेई ने रामानुजगंज क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे इस नि:शुल्क योग कक्षा में नियमित रूप से शामिल होकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

