नईदिल्ली, 10 मई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 52वें मैच में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स पर 77 रनों से बड़ी जीत दर्ज की है. पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. उसके बाद शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस ने राजस्थान को 16.3 ओवर में ही 152 रनों पर ढेर कर दिया.
इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में पांचवें नंबर से दूसरे नंबर पर पहुंच गया. उसके 11 मैचों में कुल 14 पॉइंट्स हो गए हैं, वहीं राजस्थान 77 रनों की बड़ी हार की वजह से चौथे नंबर से खिसककर 5वें नंबर पर पहुंच गई. उसके 11 मैचों में कुल 12 पॉइंट्स हैं.
गुजरात की तरफ से साई सुदर्शन ने 36 गेंद में 55 और कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंद में 84 रनों की शानदार पारी खेली. सुदर्शन ने 6 चौके और 2 छक्के लगाए, जबकि गिल ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और तीन छक्के लगाए. वहीं गेंदबाजी में राशिद खान ने 4 ओवर में 33 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि जैसन होल्डर ने 2.3 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट लेने में सफल रहे.
राशिद खान को मैच का बेहतरीन खिलड़ी करार देते हुए उन्हें प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिए रविंद्र जडेजा ने 25 गेंदों में 38, वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 36 और ध्रुव जुरेल ने 10 गेंदों में 24 रन का योगदान दिया. वहीं गेंदबाजी में दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट झटके. इसके अलावा यश राज पुंजा और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

