बलौदाबाजार, 08 मई (आरएनएस)। कड़क सलामी, चमकती वर्दियां और कदमताल की गूंज के बीच बलौदाबाजार पुलिस लाइन में ऐसा अनुशासन दिखा जिसने साफ कर दिया कि जिले की पुलिस हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा 8 मई 2026 को रक्षित केन्द्र बलौदाबाजार स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड में पुलिस जवानों ने टोलीवार मार्च और विविध ड्रिल के जरिए अपनी फिटनेस, अनुशासन और तत्परता का दमदार प्रदर्शन किया। परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा ने ली और पूरे आयोजन का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के थाना, चौकी, यातायात शाखा, नव आरक्षक और विभिन्न शाखाओं से पहुंचे पुलिस अधिकारी और जवान एक साथ मैदान में नजर आए जहां हर कदम पर अनुशासन और सजगता की तस्वीर दिखाई दी। जनरल परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल में अनुशासन, तत्परता और बेहतर प्रदर्शन की भावना को मजबूत करना रहा। परेड के दौरान शानदार गणवेश धारण करने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।
जवानों को कानून व्यवस्था बनाए रखने, जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपने कर्तव्यों के प्रति हर समय सतर्क रहने का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शासकीय वाहनों और अन्य संसाधनों का भी निरीक्षण किया और वाहन शाखा प्रभारी को वाहनों की स्थिति, रखरखाव और आवश्यक सुधार को लेकर सख्त निर्देश दिए। परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक संजय साहू, उप पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल साहू, उप पुलिस अधीक्षक उषा सोंधिया, रक्षित निरीक्षक ऊषा ठाकुर सहित कुल 98 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। पूरे आयोजन में पुलिस बल की एकजुटता, अनुशासन और जिम्मेदारी साफ झलकती रही। बहरहाल, बलौदाबाजार पुलिस की यह जनरल परेड सिर्फ औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि अपराध और अव्यवस्था के खिलाफ हर मोर्चे पर तैयार रहने का सशक्त संदेश बनकर सामने आई।
0

