नईदिल्ली,08 मई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) टी-20 और वनडे क्रिकेट के लिए एक ही कप्तान नियुक्त करने पर विचार कर रहा है। अजित अगरकर की चयन समिति के सूत्रों के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लगातार अच्छे प्रदर्शन के आधार पर श्रेयस अय्यर की टी-20 टीम में वापसी हो सकती है। सूर्यकुमार यादव की जगह वो कप्तान बन सकते हैं। बोर्ड की इच्छा है कि दोनों प्रारूपों में एक ही कप्तान हो, इसलिए उन्हें दोनों जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, नई टी-20 टीम की घोषणा में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हम ऐसे खिलाड़ी पर विचार कर रहे हैं जो टी-20 और वनडे दोनों टीमों की कप्तानी कर सके। हमारा ध्यान दोनों प्रारूपों पर है। बीसीसीआई युवा प्रतिभाओं को मौका देने के साथ अनुभवी खिलाडिय़ों को भी अवसर देना चाहता है। श्रेयस ने पिछले कुछ वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है, उनकी चोटें दुर्भाग्यपूर्ण रही हैं।
सूत्र ने आगे कहा, इस साल श्रेयस अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी की कप्तानी काफी साहस और समर्पण के साथ की है। हां, वह सफेद गेंद के कप्तान पद के शीर्ष दावेदार हैं। सूर्यकुमार हमारे विश्व कप विजेता कप्तान रहे हैं और उनके योगदान को भी सम्मान मिलेगा। सूत्र ने साथ ही संकेत दिया कि प्रबंधन सूर्यकुमार के प्रभाव को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं करेगा। टी-20 टीम के कप्तान का प्रदर्शन मुंबई इंडियंस के लिए इस संस्करण बेहद खराब रहा है।
सूर्यकुमार जुलाई 2024 से भारत की टी-20 टीम के कप्तान हैं। हालांकि, उनका प्रदर्शन लगातार अस्थिर रहा है और इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में भी उन्होंने कुछ ही अच्छे प्रदर्शन किए थे। वह लंबे समय से कलाई की चोट से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2025 और 2026 टी-20 विश्व कप के दौरान उन्होंने दर्द और असहजता के बावजूद खेला और कई बार दाहिनी कलाई पर भारी टेपिंग के साथ मैदान में उतरे थे।
श्रेयस ने भारतीय टीम के लिए आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2023 में खेला था। उन्होंने इस प्रारूप में 51 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 136.12 की स्ट्राइक रेट से 1,104 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 8 अर्धशतक निकले हैं। साल 2025 से श्रेयस ने टी-20 क्रिकेट में 49.31 की औसत से 937 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 170.98 की रही है। पिछले संस्करण उन्होंने पंजाब किंग्स को आईपीएल फाइनल में पहुंचाया था।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

