रायगढ़, 08 मई (आरएनएस)। आईपीएल मैचों की हर गेंद पर करोड़ों का खेल खेलने वाला ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ रेड में धराशायी हो गया और शहर के तीन अलग-अलग ठिकानों से चल रहे हाईटेक क्रिकेट सट्टे का बड़ा खुलासा सामने आया। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत साइबर और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पांच सक्रिय सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 70 हजार रुपए नकद, 6 महंगे मोबाइल फोन, नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पूरे मामले में आईपीएल मैचों की आड़ में शहर में संगठित ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित होने का खुलासा हुआ है। कार्रवाई 8 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई जहां सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक साथ तीन स्थानों पर दबिश दी। पहली रेड कोतरारोड बायपास स्थित आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में हुई जहां साकेत सिंघानिया पिता प्रदीप कुमार सिंघानिया उम्र 37 वर्ष निवासी गजानंदपुरम कोतरारोड रायगढ़ को मोबाइल फोन के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते रंगे हाथ पकड़ा गया। जांच में उसके मोबाइल से बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और पैसों के लेनदेन के डिजिटल रिकॉर्ड मिले। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ नेटवर्क चलाना कबूल किया। उसके कब्जे से विवो मोबाइल और आईफोन 13 प्रो जब्त किया गया। दूसरी कार्रवाई पुराना पंजाब नेशनल बैंक के पास एक राशन दुकान में हुई जहां रितेश डालमिया पिता अजय डालमिया उम्र 28 वर्ष निवासी बीड़पारा रायगढ़ को मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ नेटवर्क संचालित करना स्वीकार किया। पुलिस ने चांदमारी क्षेत्र में दबिश देकर रौनक मोदनवाल पिता संतोष मोदनवाल उम्र 19 वर्ष निवासी चांदमारी फायरब्रिगेड ऑफिस रायगढ़ और प्रियंका हलवाई पति पिंटू हलवाई उम्र 37 वर्ष निवासी चांदमारी फायरब्रिगेड ऑफिस के पीछे रायगढ़ को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आईफोन, विवो, सैमसंग मोबाइल, 2 लाख 69 हजार रुपए नकद और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई। तीसरी रेड संजय मैदान रामभांठा क्षेत्र में कार्मेल स्कूल के पास किराए के मकान में हुई जहां प्रदीप कुमार पाण्डेय पिता स्वर्गीय दीनदयाल पाण्डेय उम्र 52 वर्ष निवासी संजय मैदान रामभांठा रायगढ़ को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते पकड़ा गया। उसके मोबाइल में क्रिकेट गुरु एप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले। आरोपी ने भी पिंटू हलवाई, रौनक और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल सट्टा संचालित करना स्वीकार किया। पुलिस ने कुल 2 लाख 70 हजार रुपए नकद, एक गेबलर कंपनी की नोट गिनने वाली मशीन, 2 आईफोन, 1 वन प्लस, 2 विवो और 1 सैमसंग मोबाइल जब्त किया है। फरार आरोपी पिंटू हलवाई को तीनों मामलों में आरोपी बनाया गया है जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से बर्बाद करने वाला अपराध है और रायगढ़ पुलिस ऐसे नेटवर्क पर लगातार तकनीकी और जमीनी स्तर पर प्रहार करती रहेगी। बहरहाल, आईपीएल की चमक में छिपा सट्टे का यह काला कारोबार अब पुलिस के रडार पर है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नाम बेनकाब हो सकते हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

