कांकेर, 08 मई (आरएनएस)। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आरक्षक के परिवार की टूटी उम्मीदों को उस वक्त बड़ा सहारा मिला जब कांकेर पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक ने मिलकर एक करोड़ रुपए की सहायता राशि सौंपकर संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस द्वारा पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए लागू पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक खम्मन लाल सोनवानी के परिजनों को 1 करोड़ रुपए की दुर्घटना बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। थाना आमाबेड़ा में पदस्थ आरक्षक खम्मन लाल सोनवानी एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और लंबे उपचार के बाद 6 नवंबर 2025 को उनका दुखद निधन हो गया था। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन पुलिस विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त प्रयास ने इस मुश्किल घड़ी में आर्थिक संबल बनकर बड़ी राहत दी। कांकेर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा, भारतीय स्टेट बैंक कांकेर के क्षेत्रीय शाखा प्रबंधक संजय प्रसाद और चारामा शाखा प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा ने दिवंगत आरक्षक के वैध उत्तराधिकारी को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि परिवार के भविष्य और जरूरी कार्यों में सहारा बनेगी। साथ ही उन्होंने साइबर ठगी और ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह भी दी। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक विंकेश्वरी पिंदे, मुख्य लिपिक विजय देवांगन, वेतन शाखा प्रभारी राजेश भास्कर, स्थापना प्रभारी आकाश नाविक और कार्यालयीन स्टाफ सहित दिवंगत कर्मचारी के परिजन मौजूद रहे। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ द्वारा भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए एमओयू के तहत संचालित इस योजना में पुलिस कर्मियों को बीमा और वित्तीय सुरक्षा की कई सुविधाएं दी जाती हैं ताकि ड्यूटी के दौरान किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार आर्थिक संकट में न डूबे। गौरतलब है कि यह एक करोड़ रुपए की सहायता राशि सिर्फ आर्थिक मदद नहीं बल्कि उन पुलिस जवानों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है जो अपनी जान जोखिम में डालकर समाज की सुरक्षा करते हैं। फिलहाल, कांकेर पुलिस की यह पहल उन हजारों पुलिस परिवारों के लिए भरोसे का संदेश बनकर सामने आई है कि मुश्किल वक्त में सिस्टम उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

