रायपुर, 08 मई (आरएनएस)। रायपुर में मादक पदार्थों की बड़ी खेप खपाने की तैयारी कर रहे तस्कर पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि ट्रेलर समेत पूरा खेल मौके पर ही खत्म हो गया। आमानाका थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर अटारी रोड में घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 79.30 ग्राम अफीम, 4 किलो 432 ग्राम डोडा और परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा ट्रेलर जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 15 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। मामला 7 मई 2026 का है, जब थाना आमानाका पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अटारी रोड स्थित डीआरजी ट्रांसपोर्ट के सामने खड़े ट्रेलर क्रमांक क्कक्च-05-्रक्च-9313 का चालक प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम और डोडा लेकर बिक्री की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही संदीप पटेल के मार्गदर्शन में एडीसीपी राहुल देव शर्मा, एसीपी देवांश सिंह राठौर और एसीपी ईशु अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थाना आमानाका पुलिस की टीम सक्रिय हुई और सुनियोजित तरीके से मौके की घेराबंदी कर ट्रेलर चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बलराम सिंह पिता धरम सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी खानोवाल थाना अजनाला जिला अमृतसर पंजाब हाल पता हीरापुर ज्ञान भारती स्कूल के पास जनता चर्टर मकान नंबर 1026 थाना कबीर नगर रायपुर बताया। पुलिस ने जब ट्रेलर और आरोपी की तलाशी ली तो वाहन से बोरी में रखा 4.432 किलो डोडा और जिप पन्नी में रखा 79.30 ग्राम अफीम बरामद हुआ। साथ ही एक रेडमी मोबाइल और घटना में इस्तेमाल ट्रेलर भी जब्त कर लिया गया। थाना आमानाका में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 150/26 के तहत धारा 15(क्च) और 18(क्च) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर अन्य तस्करों की तलाश भी तेज कर दी गई है। फिलहाल, रायपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि शहर में नशे का कारोबार फैलाने वालों के लिए अब हर रास्ते पर पुलिस की नजर है और बच निकलना आसान नहीं होगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

