0-पीएम मोदी सहित देश के दिग्गजों का होगा जमावड़ा
कोलकाता,08 मई (आरएनएस)। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालने जा रहे हैं। कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें औपचारिक रूप से नेता चुन लिया गया है। विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद अब अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। भाजपा के विजयी 207 उम्मीदवारों के साथ बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहायक पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित थे। नई सरकार का शपथ ग्रहण आज यानी शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा। कोलकाता के न्यू टाउन स्थित विश्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में मुख्यमंत्री माझी ने भाजपा के विजयी विधायक के साथ बैठक की। वहां सर्वसम्मति से संसदीय दल के नेता के साथ-साथ मुख्यमंत्री के तौर पर शुभेंदु अधिकारी का नाम तय किया गया। वहीं आज शुभेंदु अधिकारी ने लोकभवन यानी राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। बंगाल के राजनीतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज थी। विधानसभा चुनाव में उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा था। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने ममता बनर्जी को नंदीग्राम में शिकस्त दी थी। वहीं, इस बार के चुनाव में शुभेंदु ने ममता के गढ़ भवानीपुर में उन्हें चुनौती दी और कामयाबी हासिल की। नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर मिली कामयाबी ने मुख्यमंत्री पद के लिए शुभेंदु की दावेदारी को और मजबूत कर दिया था। बीजेपी के मंत्रिमंडल में पुराने अनुभवी नेताओं के साथ-साथ उन युवा चेहरों को भी जगह दी जाएगी जिन्होंने जमीनी स्तर पर टीएमसी के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। इसके अलावा बीजेपी की जीत में महिला और दलित कार्ड का अहम रोल था। ऐसे में बंगाल सरकार के मंत्रिमंडल में महिलाओं और अनुसूचित जाति/जनजाति के के नेताओं की बड़ी भागीदारी बीजेपी दे सकती है। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मैं नई सरकार नहीं चलाऊंगा। हम सब मिलकर नई सरकार चलाएंगे। बंगाल के भावी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में भाजपा की इस जीत का श्रेय हर उस भाजपा कार्यकर्ता को दिया, जिसने पार्टी के लिए अथक परिश्रम किया। इसके अलावा, उनकी टिप्पणियों में अमित शाह, समिक भट्टाचार्य और पार्टी की मूल विचारधारा से जुड़े विभिन्न लोगों के योगदान को बार-बार रेखांकित किया गया। उन्होंने कहा, आने वाली विधायी पार्टी, जिसमें पार्टी की विचारधारा से जुड़े लोग शामिल है, हमारे घोषणापत्र में किए गए हर वादे को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करेगी। हमारा मंत्र है सबका साथ, सबका विकास।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

