नईदिल्ली, 09 मई। कोलकाता नाइट राइडर्स के खतरनाक बल्लेबाज फिन एलन का बल्ला सीजन के शुरुआत में खामोश रहा. जिसकी वजह से उनको कुछ मैच के लिए प्लेइंग-11 से भी बाहर बैठना पड़ा. लेकिन जब उनको दोबारा टीम में शामिल किया गया तो उनका बल्ला इतने जोरदार अंदाज में गरजा की वो कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से सबसे तेज शतक जडऩे वाले बल्लेबाज बन गए.
फिन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में 47 गेंद में नाबाद 100 रनों की पारी खेली. जिसमें 5 चौके और 10 छक्के भी शामिल थे. इस तेज पारी की वजह से कोलकाता नाइट राइडर्स ने 143 रनों के लक्ष्य को 35 गेंद पहले ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया.
फिन एलन ने शुरू में अपनी आंख जमाने की कोशिश की. जिसकी वजह से उन्होंने पहले 18 गेंदों में 20 रन ही बना सके थे, लेकिन जब उनकी आंख जम गई तो फिर उन्होंने आखिरी 28 गेंद में 80 रन जड़ दिए. जिसमें 10 छक्के भी लगाए. जिसके साथ वो केकेआर के लिए एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे ऊपर ब्रैंडन मैकुलम (13 छक्के) और आंद्रे रसेल (11 छक्के) के नाम हैं.
इसके अलावा आईपीएल के इतिहास में केकेआर के लिए शतक जडऩे वाले फिन एलन चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले ब्रेंडन मैकुलम, वेंकटेश अय्यर और सुनील नरेन ये कारनामा कर चुके हैं.
मैच के बाद फिन एलन ने कहा कि टीम को इस तरह का योगदान देकर काफी खुश हूं, और ऐसा प्रदर्शन करने के लिए अपनी बैटिंग पर कड़ी मेहनत कर रहा था. छक्के लगाने के अपने तरीके के बारे में बताते हुए एलन ने कहा, मुझे लगता है कि यही वह तरीका है जिसे मैं अपनी बैटिंग में अपनाने की कोशिश कर रहा हूं. अगर चीज़ें आसान न हों, तो भी क्रीज पर टिके रहो, इसके लिए मैं वाटो (असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन) और अभिषेक (नायर, हेड कोच) के साथ भी काम कर रहा हूं. मैं बस खुद को एक मौका देने की कोशिश कर रहा हूं, और मुझे लगता है कि मुझे कुछ अच्छी शुरुआत मिली हैं, लेकिन उन्हें बड़ी पारी में न बदल पाना काफी निराशाजनक रहा है; लेकिन यहां, मुझे लगता है कि थोड़ी निजी सफलता मिलना अच्छा लगा.
मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन बनाए. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स ने फिन एलन के 47 गेंदों में नाबाद शतक की बदौलत 143 रनों के लक्ष्य को 2 विकेट खोकर 35 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया. फिन को कैमरन ग्रीन का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 27 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाए. दोनों ने मिलकर 64 गेंदों पर 116 रनों की अटूट साझेदारी की.
इस जीत के साथ तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस सीजन में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली. जिसके साथ वो अंक तालिका में 10 मैचों में 9 पॉइंट्स के साथ 7वें स्थान पर पहुंच गए हैं, और उनके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

