नईदिल्ली,09 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 51वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। दरअसल, राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए 1,000 रन पूरे कर लिए। वह लीग इतिहास में 3 टीमों से 1,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। मैच में वह 14 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने आईपीएल में 500 चौके भी पूरे किए।
राहुल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए पहला मुकाबला आईपीएल 2025 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 24 मैच खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 50.35 की औसत से 1,007 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 162.41 की रही है। उनके बल्ले से 2 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152* रन है। राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए 1,000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले 11वें बल्लेबाज हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए राहुल ने 38 पारियों में 41.47 की औसत और 130.67 की स्ट्राइक रेट से 1,410 रन बनाए थे। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए राहुल से ज्यादा रन सिर्फ निकोलस पूरन (1,564 रन) ने बनाए हैं। पंजाब किंग्स के लिए राहुल ने 55 मैचों की 55 पारियों में 56.62 की औसत और 139.76 की स्ट्राइक रेट से 2,548 रन बनाए थे। राहुल पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।
आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके विराट कोहली ने लगाए हैं। उनके बल्ले से 813 चौके निकले हैं। शिखर धवन दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 768 चौके लगाए हैं। डेविड वार्नर ने 663 और रोहित शर्मा ने 659 चौके जड़े हैं। अजिंक्य रहाणे 526 चौके के साथ 5वें और सुरेश रैना 506 चौकों के साथ छठे स्थान पर हैं। राहुल 500 चौके के साथ 7वें स्थान पर हैं। राहुल ने आईपीएल 2026 में 11 पारियों में 468 रन बनाए हैं।
राहुल ने अपना पहला मुकाबला 2013 में खेला था। उन्होंने अब तक 156 मुकाबले खेले हैं और इसकी 147 पारियों में 46.26 की औसत और 138.81 की स्ट्राइक रेट से 5,690 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 6 शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 152* रन रहा है। इस खिलाड़ी ने लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के लिए भी 1,000 से ज्यादा आईपीएल रन बनाए हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

