वाशिंगटन,09 मई। हंता वायरस के बाद एक और जहाज पर नोरो वायरस का संक्रमण फैल गया है। कैरिबियन प्रिंसेस नामक इस जहाज पर 3,116 यात्री सवार हैं, जिनमें से 115 लोग संक्रमित हो गए हैं। इनमें 102 यात्री और 13 चालक दल के सदस्य हैं। फिलहाल ये जहाज डोमिनिकन गणराज्य के उत्तरी तट पर है और कल बाहामास की राजधानी नासाऊ पहुंच सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमित लोगों में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण पाए गए हैं।
अमेरिका के सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (सीडीसी) के मुताबिक, जहाज पर सवार 102 यात्री और 13 चालक दल के सदस्य नोरोवायरस से संक्रमित हो गए। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उन्हें अब स्वस्थ यात्रियों से अलग रखा जा रहा है। जहाज पर कुल 3,116 यात्री और 1,131 चालक दल के सदस्य सवार हैं। जब बीमार लोगों की संख्या कुल यात्रियों के 3 प्रतिशत से ज्यादा हो गई, तब सीडीसी को सार्वजनिक सूचना जारी करनी पड़ी।
जहाज की संचालक कंपनी ने कहा, प्रिंसेस क्रूज पुष्टि करता है कि 28 अप्रैल को पोर्ट एवर्गलेड्स से कैरेबियन प्रिंसेस की यात्रा के दौरान कुछ लोगों ने हल्के पेट संबंधी बीमारी की शिकायत की है। हमने जहाज के हर हिस्से को तुरंत कीटाणुरहित किया और पूरी यात्रा के दौरान अतिरिक्त सैनिटाइजेशन किया। इसके अलावा कैरेबियन प्रिंसेस को अपनी अगली यात्रा शुरू करने से पहले पूरी तरह से साफ और कीटाणुरहित किया जाएगा।
नोरो वायरस पेट और आंतों को संक्रमित करता है, जिससे उल्टी और दस्त होने लगते हैं। इसका प्रकोप आमतौर पर ठंडे महीनों में होता है। अमेरिका में खाने से होने वाली बीमारियों का सबसे बड़ा कारण यही वायरस है। ये वायरस पहली बार 1968 में अमेरिका के ओहियो राज्य के नॉरवॉक शहर में स्थित एक स्कूल में हुआ था। इसी कारण से, नरोवायरस के पहले स्ट्रेन (प्रकार) को ‘नॉरवॉक वायरस’ के नाम से जाना गया।
यह वायरस बंद और लोगों की मौजूदगी वाली जगहों पर तेजी से फैलता है। यह संक्रमित व्यक्ति के हाथों, खाने-पीने की चीजों, पानी या छुई हुई सतहों के जरिए एक जगह से दूसरी जगह फैलता है। जहाजों पर इसका संक्रमण ज्यादा होता है, क्योंकि यहां हजारों लोग लंबे समय तक साथ रहते हैं, एक जैसा खाना खाते हैं और शौचालयों का इस्तेमाल करते हैं। संक्रमित होने पर जी मिचलाना, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
यह जहाज प्रिसेंस क्रूज नामक कंपनी का है, जिसने 28 अप्रैल को फ्लोरिडा के फोर्ड लॉटरडेल से सफर शुरू किया था। यात्रा के दौरान जहाज अरूबा, बोनेर, प्यूर्टो रिको और बाहामास जैसे पर्यटक स्थलों पर रुका था। जहाज को 11 मई को दोबारा फ्लोरिडा पहुंचना है। हालांकि, संक्रमण फैलने के चलते इसे बाहामास में रोका जा सकता है। इस साल मार्च में प्रिंसेस क्रूज के एक अन्य जहाज स्टार प्रिंसेस पर 200 यात्री भी नोरोवायरस से संक्रमित हो गए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

