वाशिंगटन,09 मई। अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने यूएफओ और अनजान हवाई घटनाओं से जुड़ी नई फाइलें सार्वजनिक करने की घोषणा की है। विभाग ने इसके लिए एक नया सरकारी वेबपेज भी शुरू किया है, जहां पहले कभी जारी न की गई तस्वीरें और दस्तावेज डाले गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में इस पोर्टल पर और फाइलें जोड़ी जाएंगी। यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश के बाद उठाया गया है।
सरकार की नई वेबसाइट पर डिपार्टमेंट ऑफ वॉर, एफबीआई, नासा और दूसरी एजेंसियों की कई तस्वीरें और पीडीएफ फाइलें अपलोड की गई हैं। वेबसाइट को ऐसे डिजाइन किया गया है, जिससे यूएफओ और रहस्यमयी घटनाओं में रुचि रखने वाले लोग आसानी से जानकारी देख सकें। हालांकि, शुरुआती फाइलों में ऐसा कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला है, जिससे एलियन जीवन की पुष्टि हो सके या किसी उडऩ तश्तरी के पृथ्वी पर आने का दावा साबित हो सके।
अमेरिका में यूएफओ और अनजान घटनाओं को लेकर कई दशकों से चर्चा होती रही है। साल 2007 में एडवांस्ड एयरोस्पेस थ्रेट आइडेंटिफिकेशन प्रोग्राम बनाया गया था, जिसका उद्देश्य रहस्यमयी हवाई घटनाओं की जांच करना था। यह कार्यक्रम 2012 में बंद कर दिया गया था, लेकिन बाद में दूसरी सरकारी टीमों ने यह काम जारी रखा। साल 2017 में पहली बार इस प्रोग्राम की जानकारी सार्वजनिक हुई थी। उसी दौरान पेंटागन ने कुछ रहस्यमयी वीडियो भी जारी किए थे।
ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान पेंटागन ने कुछ यूएपी वीडियो सार्वजनिक किए थे, जिसमें कुछ रहस्यमयी चीजें दिखाई दी थीं। इसके बाद दुनियाभर में एलियन और यूएफओ को लेकर नई बहस शुरू हो गई थी। हालांकि, अमेरिकी सरकार की बाद की रिपोर्टों में कहा गया कि इन घटनाओं को एलियन स्पेसक्राफ्ट नहीं माना जा सकता। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग अब भी मानते हैं कि सरकार के पास यूएफओ से जुड़ी और भी जानकारी मौजूद हो सकती है।
नई फाइलें सामने आने के बाद भी एलियन जीवन का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह दस्तावेज ज्यादा इस बात को दिखाते हैं कि सरकारी एजेंसियां अनजान घटनाओं को कैसे रिकॉर्ड करती हैं और उनकी जांच कैसे होती है। कुछ लोग इसे पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे केवल लोगों की दिलचस्पी बनाए रखने वाला कदम बता रहे हैं। नई वेबसाइट के कारण यूएफओ को लेकर चर्चा तेज है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

