बलौदाबाजार,09 मई (आरएनएस)। भैंसापसरा की गलियों से चल रहे सट्टे के गुप्त नेटवर्क का पर्दाफाश तब हुआ जब एक मामूली सटोरिये के मोबाइल ने पूरे खेल का राज उगल दिया और पुलिस सीधे शहर के कथित सट्टा खाईवाल तक पहुंच गई। बलौदाबाजार थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने सट्टा कारोबार में बड़ी कार्रवाई करते हुए भैंसापसरा निवासी 38 वर्षीय घनश्याम भारती को गिरफ्तार किया है, जो शहर में सट्टा पट्टी के खेल को संचालित करने और रकम की खाईवाली करने में शामिल था। मामला उस समय खुला जब 29 अप्रैल 2026 को पुलिस ने भैंसापसरा क्षेत्र में मोबाइल और अन्य माध्यमों से सट्टा पट्टी लिखने वाले आरोपी उत्तर कुमार रात्रे को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में आरोपी से 4120 रुपये नगद, एक मोबाइल फोन और सट्टा पट्टी बरामद की गई थी तथा थाना सिटी कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध क्रमांक 354/2026 दर्ज किया गया था। लेकिन असली कहानी तब सामने आई जब पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ शुरू की और जब्त मोबाइल का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि बलौदाबाजार शहर में सट्टा कारोबार किसी बड़े नेटवर्क के जरिए संचालित हो रहा है और इसके पीछे घनश्याम भारती का नाम सामने आया। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, परिस्थितिजन्य प्रमाण और पूछताछ के आधार पर घनश्याम भारती को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह उत्तर कुमार रात्रे के माध्यम से शहर में सट्टा पट्टी चलवा रहा था और उससे मिलने वाली रकम की खाईवाली करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2950 रुपये नगद और सट्टा पट्टी का हिसाब-किताब दर्ज एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब सट्टा कारोबार सिर्फ पर्चियों तक सीमित नहीं, बल्कि मोबाइल और तकनीक के जरिए गुपचुप तरीके से फैल रहा है, लेकिन पुलिस की डिजिटल जांच ने इस नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। फिलहाल बलौदाबाजार पुलिस पूरे सट्टा सिंडिकेट की कडिय़ां खंगाल रही है और शहर में अवैध जुए के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसती नजर आ रही है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

