बिलासपुर 09 मई (आरएनएस)। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर महिला से 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को रेंज साइबर थाना बिलासपुर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है।जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने महिला को व्हाट्सएप कॉल कर खुद को पुलिस अधिकारी बताया और कहा कि उसका नाम आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में आया है। साथ ही गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर डराया गया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को घंटों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा गया।आरोपियों ने पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाते हुए महिला पर मानसिक दबाव बनाया। फर्जी सरकारी नोटिस और जांच दस्तावेज भेजकर महिला को झांसे में लिया गया। परिवार वालों को भी फंसाने की धमकी दी गई।डर के कारण महिला ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने केस खत्म कराने के नाम पर अतिरिक्त 50 लाख रुपए की मांग भी की थी। बाद में महिला ने अपने बेटे को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद साइबर थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के चुरू जिले से रूपेन्द्र सिंह (21) और विशाल सिंह (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने और ठगी की रकम अन्य लोगों तक पहुंचाने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

