बलौदाबाज़ार,09 मई (आरएनएस)। रात के अंधेरे में बेटी से मिलने निकले एक पिता को क्या पता था कि रास्ता पूछना उसकी जिंदगी की सबसे खौफनाक गलती बन जाएगा, जहां मदद के बहाने बाइक पर आगे चल रहे युवकों ने सुनसान तालाब किनारे उसे रोककर बेल्ट से पीटा और मोबाइल समेत हजारों रुपये लूटकर फरार हो गए। बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। मामला 7 मई 2026 की रात का है, जब महासमुंद जिले के ग्राम भोरिंग निवासी चंद्रभान आवडे अपनी बेटी से मिलने ग्राम नवागांव जा रहे थे। रास्ता भटकने पर उन्होंने जंगलोर के पास खड़े कुछ युवकों से नवागांव जाने का रास्ता पूछा। आरोपियों ने भरोसा जीतते हुए उन्हें कहा कि वे बाइक से आगे चलेंगे और वह पीछे-पीछे आते रहें। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही प्रार्थी जंगलोर के गौटिया तालाब के पास पहुंचा, आरोपियों ने सुनसान जगह पर बाइक रोक दी। इसके बाद बेल्ट से मारपीट शुरू कर दी गई। जान से डराकर आरोपियों ने प्रार्थी का मोबाइल फोन और नगदी 8000 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। पीडि़त की रिपोर्ट पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 201/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। पुलिस ने पीडि़त से आरोपियों के हुलिए की जानकारी ली और बीट प्रणाली के तहत आसपास के गांवों में गुप्त सूचना तंत्र सक्रिय किया। लगातार छानबीन और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जंगलोर निवासी 27 वर्षीय उबारनदास खंडेलवाल और 20 वर्षीय धनंजय उर्फ सोनू खंडेलवाल को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने रास्ता पूछने आए व्यक्ति के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 22 ्रश्व 6081 और लूट का मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को 9 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस वारदात ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि रात के सफर में अजनबियों पर भरोसा कितना खतरनाक साबित हो सकता है। फिलहाल पलारी पुलिस की कार्रवाई ने लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है, लेकिन यह घटना हर राहगीर के लिए एक बड़ी चेतावनी बन गई है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

