नई दिल्ली,09 मई (आरएनएस)। पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के घर पर हुई ईडी की रेड को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला. केजरीवाल ने कहा कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल अब भ्रष्टाचार रोकने के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी नेताओं को डराने और उन्हें भाजपा में शामिल कराने के लिए किया जा रहा है.
केजरीवाल ने दावा किया कि संजीव अरोड़ा पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया गया. उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने भाजपा जॉइन कर ली, उनके खिलाफ कार्रवाई बंद हो गई, लेकिन जिन्होंने मना किया, उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने अशोक मित्तल का नाम लेते हुए कहा कि उनके यहां भी ईडी की कार्रवाई हुई थी, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि यह सब विपक्षी नेताओं को तोडऩे की रणनीति का हिस्सा है.
आप संयोजक ने कहा कि देश में ईडी और सीबीआई संस्थाएं अब स्वतंत्र तरीके से काम नहीं कर रहीं. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इन एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को दबाने के लिए कर रही है. उन्होंने कहा कि अगर किसी के खिलाफ वास्तविक भ्रष्टाचार या मनी लॉन्ड्रिंग के सबूत हैं तो कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन केवल राजनीतिक मतभेद के कारण रेड करना लोकतंत्र के लिए खतरनाक है.
प्रेस वार्ता में केजरीवाल ने भाजपा की चुनावी जीतों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा ईमानदारी से चुनाव नहीं जीत सकती और जनता के बीच प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता कम हो रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा अब पंजाब पर विशेष ध्यान दे रही है, क्योंकि यह एक सीमावर्ती राज्य है जहां अभी भाजपा की सरकार नहीं है.
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ भेदभाव और अन्याय करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पंजाब को कई मुद्दों पर लगातार परेशान किया गया है. उन्होंने कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों के बड़े आंदोलन के बाद केंद्र सरकार को कानून वापस लेने पड़े थे. इसके अलावा उन्होंने ग्रामीण विकास फंड रोकने, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेकर विवाद, चंडीगढ़ के मुद्दे और बीबीएमबी जैसे मामलों का भी उल्लेख किया. केजरीवाल ने कहा कि अब बंगाल चुनाव खत्म होने के बाद केंद्रीय एजेंसियों का पूरा ध्यान पंजाब की ओर मोड़ दिया गया है.
प्रेस वार्ता के दौरान केजरीवाल ने भाजपा में शामिल हुए कुछ नेताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जिन नेताओं पर पहले भाजपा खुद भ्रष्टाचार के आरोप लगाती थी, वही नेता बाद में भाजपा में शामिल होने के बाद साफ-सुथरे हो जाते हैं. उन्होंने सुवेंदु अधिकारी, हिमंत बिस्वा शर्मा और अजीत पवार के उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने पहले इन नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए थे, लेकिन पार्टी में आने के बाद उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. केजरीवाल ने कहा कि दूसरी ओर मनीष सिसोदिया और खुद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई, क्योंकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया.
केजरीवाल ने पंजाब की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई है. उन्होंने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है और यहां के लोग दबाव में आने वाले नहीं हैं. केजरीवाल ने केंद्र सरकार से पंजाब के साथ धक्काशाही बंद करने की अपील की. केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग किसी भी प्रकार के दबाव या राजनीतिक हस्तक्षेप का मजबूती से सामना करेंगे.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

