कांकेर,09 मई (आरएनएस)। जिले में उजियारा अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर ऐसा शिकंजा कसा कि जामबहार गांव में घर के अंदर छिपाकर रखी गई अंग्रेजी और देशी शराब की पूरी खेप पुलिस के हाथ लग गई और लंबे समय से शराब बेचने के आरोपों में घिरा आरोपी सीधे सलाखों के पीछे पहुंच गया। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे विशेष अभियान के तहत थाना चारामा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल नोडल अधिकारी श्री दिनेश सिन्हा तथा एसडीओपी कांकेर श्री मोहसीन खान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार अवैध गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जामबहार निवासी 38 वर्षीय चन्द्रहास सिन्हा अपने घर में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना चारामा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने बिना देर किए आरोपी के घर पर दबिश दी। रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 17.670 लीटर अवैध शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 6 हजार 730 रुपये आंकी गई है। जब्त शराब में 12 नग मडूसा अंग्रेजी बियर कुल 7.800 लीटर कीमत 2520 रुपये, 03 नग सीम्बा बियर कुल 1.950 लीटर कीमत 690 रुपये और 44 नग रोमियो देशी प्लेन मदिरा कुल 7.920 लीटर कीमत 3520 रुपये शामिल है। पुलिस ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी चन्द्रहास सिन्हा पिता मेहत्तर राम सिन्हा निवासी ग्राम जामबहार थाना चारामा जिला कांकेर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना चारामा में अपराध क्रमांक 97/2026 धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 9 मई 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कोई नया नाम नहीं है, बल्कि उसके खिलाफ वर्ष 2002 से 2025 तक आबकारी एक्ट, धारा 151, 107/116(3), 294 और 506 जैसे मामलों सहित कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उपनिरीक्षक रनेश सेठिया, साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक भकेष पटेल, प्रधान आरक्षक पचकौड़ सोरी तथा आरक्षक तरुण सिन्हा, बलराम सिन्हा और रामरतन निषाद की अहम भूमिका रही। कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, क्योंकि आपकी एक सूचना बड़े अपराधों पर रोक लगा सकती है। बहरहाल, उजियारा अभियान अब अवैध कारोबारियों के लिए अंधेरे का कारण बनता दिख रहा है और पुलिस लगातार ऐसे तत्वों पर कार्रवाई कर रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

