रायपुर 10 मई (आरएनएस) रामकुंड इलाके में गर्लफ्रेंड से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी हमले में बदल गया और बीच सड़क पर युवक पर बटनदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई लेकिन पश्चिम जोन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला 8 मई की शाम का है जब आरोपी समीर निर्मलकर ने पुरानी रंजिश और गर्लफ्रेंड से बात करने की बात को लेकर युवक आदि ठाकुर को घेर लिया। पहले दोनों के बीच जमकर गाली-गलौज हुई फिर अचानक आरोपी ने बटनदार चाकू निकालकर सीधे पेट पर वार करने की कोशिश की। युवक ने बचाव किया लेकिन चाकू उसके कूल्हे में जा धंसा जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और इलाके में दहशत फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही थाना आजाद चौक पुलिस सक्रिय हुई और पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस उपायुक्त ईशू अग्रवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी इनपुट, मुखबिर सूचना और लगातार दबिश देकर आरोपी समीर निर्मलकर पिता शंशीकांत निर्मलकर उम्र 18 वर्ष निवासी रामकुंड रायपुर को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बटनदार चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109, 296, 351(2), 115(2) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छोटी कहासुनी और रिश्तों का विवाद अब युवाओं में सीधे खूनी हिंसा का रूप ले रहा है और जरा सी सनक किसी की जान पर भारी पड़ सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

