मुंगेली, 1 जुलाई (आरएनएस)।। मुंगेली पुलिस ने शासकीय नल-जल योजना के तहत निर्माण स्थल से चोरी हुए लाखों रुपये के डीआई पाइप बरामद करते हुए अंतर्राज्यीय चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के अनुपपुर जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना लोरमी पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बालगा भास्कर राव ने 26 जून को थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम गोडख़ाम्ही नहर रोड स्थित निर्माण स्थल पर रखे 30 डीआई पाइपों में से 24 पाइप, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये है, 10 जून के आसपास अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किए गए पाइप मध्यप्रदेश के अनुपपुर-शहडोल मार्ग स्थित कुदौली के एक कबाड़ी दुकान में बेचे गए हैं। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और कबाड़ी दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव (20 वर्ष), निवासी पोड़ी, जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) से पूछताछ की। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि चोरी के पाइप ट्रक क्रमांक ष्टत्र 04 रूत्र 3817 से लाकर उसकी दुकान में बेचे गए थे। पुलिस ने दुकान से चोरी के डीआई पाइप बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि एक विधि से संघर्षरत बालक ने चोरी के पाइप ट्रक में लोड कर बिक्री के लिए भेजने में भूमिका निभाई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर बालक को न्यायालय के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लोरमी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उपनिरीक्षक अमित गुप्ता, प्रधान आरक्षक दयाल गवास्कर तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
००००

