रायपुर 10 मई (आरएनएस) सड़कों से लगातार गायब हो रही गाड़ियों के पीछे आखिरकार उस शातिर चेहरे का खुलासा हो गया जो नशे की लत पूरी करने के लिए सुनसान इलाकों में खड़ी गाड़ियों का लॉक तोड़कर मिनटों में वाहन पार कर देता था। थाना आजाद चौक पुलिस ने गश्त के दौरान आदतन वाहन चोर भुवन सारथी को धर दबोचा और पूछताछ में ऐसे खुलासे हुए जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी ने कबूल किया कि वह शहरभर में अकेले घूमकर सुनसान जगहों की रेकी करता था और मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और एक्टिवा चोरी कर फरार हो जाता था। पकड़ा गया आरोपी भुवन सारथी पिता स्वर्गीय बृजभान सारथी उम्र 22 वर्ष निवासी कुशालपुर छुहियापारा रायपुर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से चोरी और आबकारी एक्ट के आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर थाना आजाद चौक के अपराध क्रमांक 88/2026 में चोरी गई मोटरसाइकिल CG 04 KF 9994 और थाना मौदहापारा के अपराध क्रमांक 83/2026 की चोरी गई एक्टिवा CG 04 LV 5957 बरामद की गई। इतना ही नहीं आरोपी के कब्जे से चार चोरी की साइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है जिनके संबंध में पुलिस अब गहराई से जांच कर रही है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया। उसके खिलाफ थाना डीडी नगर रायपुर में अपराध क्रमांक 314/2020 धारा 380 भादवि, अपराध क्रमांक 283/2025 धारा 34(2) आबकारी एक्ट, अपराध क्रमांक 410/2024 धारा 34(2) आबकारी एक्ट, अपराध क्रमांक 159/2018 धारा 380 भादवि, थाना पुरानी बस्ती रायपुर में अपराध क्रमांक 208/2023 धारा 379 भादवि और थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 74/2020 धारा 380 और 457 भादवि के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय था और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए लगातार अपराध कर रहा था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहरहाल इस गिरफ्तारी ने साफ कर दिया है कि रायपुर पुलिस अब आदतन अपराधियों की कुंडली खंगालकर एक-एक कर उन्हें कानून के शिकंजे तक पहुंचाने में जुट चुकी है।


