मेरठ 11 मई (आरएनएस)। सोमवार की सुबह ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में सीओ ऑफिस के पास नाले में एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव के साथ ही एक साइकिल भी बरामद हुई है। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि अंधेरे में किसी समय नाले में गिरकर साइकिल सवार की मौत हुई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
दरअसल, सोमवार की सुबह सड़क से गुजरते लोगों ने बिजली बंबा बाईपास पर शॉप्रिक्स मॉल के निकट सीओ ब्रह्मपुरी के ऑफिस के पास नाले में एक युवक की लाश पड़ी देखी। जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। शव के साथ ही नाले में एक साइकिल भी बरामद हुई।
पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवा कर शिनाख्त का प्रयास किया। लेकिन, किसी ने भी मृतक को पहचानने से इनकार कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि देर रात किसी समय अंधेरे में साइकिल सवार नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को मोर्चरी भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

