सुल्तानपुर 11 मई (आरएनएस)। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को टांडा-बांदा हाईवे किनारे बड़ी संख्या में मृत और घायल गोवंश मिलने से सनसनी फैल गई। सेमरी चौकी क्षेत्र के माधवपुर देवरी गांव के पास करीब 300 मीटर के दायरे में गोवंश बिखरे पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
प्रशासन की ओर से की गई गणना में कुल 27 गोवंश पाए गए, जिनमें 20 गाय और चार बैल मृत मिले, जबकि तीन गायें गंभीर रूप से घायल अवस्था में थीं। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल गोवंशों का उपचार शुरू कराया। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रमोद मिश्रा समेत कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि ग्राम माधवपुर के प्रधान द्वारा सूचना दी गई थी कि गांव के बाहर अकबरपुर-सुल्तानपुर स्टेट हाईवे के किनारे सुनसान स्थान पर मृत और घायल गोवंश पड़े हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गोवंशों को किसी वाहन से यहां लाकर फेंका गया है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना ट्रांजिट के दौरान हुई या फिर कहीं और गोवंशों की हालत बिगडऩे पर उन्हें यहां लाकर डंप किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सर्विलांस की मदद से वाहन और आरोपियों की तलाश के लिए एसओजी समेत चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मृत गोवंशों का सम्मानजनक निस्तारण कराया जा रहा है और मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

