सुलतानपुर 11 मई (आरएनएस)। भारतीय संस्कृति, आस्था और श्रद्धा के प्रतीक ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्वÓ के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार से हुई, जहां महिलाओं ने विधिवत पूजन-अर्चन कर शिव मंदिर और सीता कुंड घाट तक भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा में भाजपा नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, नगर उपाध्यक्ष मंजू तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।
इसके बाद सभागार में ज्योतिर्लिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.), डीसी एनआरएलएम के.डी. गोस्वामी, भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा प्रतिनिधि, अपना दल के जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा समेत अनेक गणमान्य लोग और आमजन शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कृषि विभाग के तारकेश्वर द्वारा मंच संचालन किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से वाराणसी में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम और गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर परिसर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा। संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकार राहुल पाण्डेय ने शिव तांडव, भजन और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं और अतिथियों को प्रसाद वितरित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

